ओलावृष्टि से तबाही मुआवजे की गुहार लगाते किसान ने एसडीएम के पैरों में गिरकर फूट-फूटकर रोया

Advertisement
मंदसौर, ललित शंकर धाकड़| मंदसौर जिले में हाल ही में हुई भीषण ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। अफीम, गेहूं, चना, सरसों सहित कई फसलें खेतों में पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। इसी बीच फसल नुकसान का जायजा लेने पहुंचे प्रशासनिक अमले के सामने किसानों का दर्द छलक पड़ा।
खेतों में तबाही का मंजर देखकर एक किसान खुद को संभाल नहीं सका। मुआवजे की मांग करते हुए किसान भावुक हो गया और एसडीएम के सामने उनके पैरों में गिर पड़ा। किसान ने रोते हुए बताया कि फसल पर दवाइयों, खाद और सिंचाई में हजारों रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन अब न फसल बची है और न ही कर्ज चुकाने का कोई सहारा।
इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की। एसडीएम ने किसान को संभालते हुए आश्वासन दिया कि फसल नुकसान का सर्वे कराया जाएगा और शासन की गाइडलाइन के अनुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
खेतों में खड़ा यह दृश्य सिर्फ एक किसान की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे इलाके के किसानों की बेबसी और टूटती उम्मीदों की तस्वीर बन गया है। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासनिक आश्वासन किसानों के जख्मों पर मरहम बन पाएंगे या उनकी उम्मीदें फिर से कागजों तक ही सिमट कर रह जाएंगी।
