बागेश्वर धाम पहुंचे यूपी के डिप्टी सीएम, बोले जल्द होगी यूपी में कथा

Advertisement
छतरपुर (रोहित पाठक)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अपनी पत्नी के साथ बुंदेलखंड के सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल बागेश्वर धाम पहुंचे। डिप्टी सीएम के रूप में यह उनका धाम पर प्रथम आगमन था, जिसे लेकर प्रशासन और धाम समिति द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। उन्होंने कहा कि जल्द ही उत्तर प्रदेश में बागेश्वर सरकार पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा कथा की जाएगी।
धाम पहुंचने के बाद डिप्टी सीएम ने सपरिवार भगवान बागेश्वर बालाजी के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की। दर्शन के उपरांत उन्होंने बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (महाराज जी) से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच काफी देर तक आध्यात्मिक चर्चा हुई। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने श्रद्धाभाव से महाराज जी को अंगवस्त्र भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
बागेश्वर महाराज ने भी डिप्टी सीएम का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें स्मृति स्वरूप भगवान बालाजी का चित्र एवं एक आध्यात्मिक पुस्तक भेंट की। डिप्टी सीएम ने धाम की व्यवस्थाओं और वहां के आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए इसे जन-आस्था का एक बड़ा केंद्र बताया। उनके इस दौरे को लेकर राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में काफी चर्चा रही, वहीं धाम पर मौजूद श्रद्धालुओं में भी उत्तर प्रदेश के दिग्गज नेता को अपने बीच पाकर भारी उत्साह देखा गया। इस मौके पर बांदा विधायक प्रकाश द्विवेदी भी मौजूद रहे।


