छतरपुर संजय अवस्थी। छतरपुर में पैक्स कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन पर उतरेंगे।


बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे म.प्र. सहकारिता समिति महासंघ, जिला इकाई छतरपुर के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री और खाद्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। महासंघ के अनुसार 22 सितंबर 2025 को हुई बैठक में कर्मचारियों की मांगों के निराकरण पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


ज्ञापन में कर्मचारियों ने अक्टूबर 2023 से बढ़ा हुआ वेतन लागू करने, हर माह नियमित वेतन भुगतान, विक्रेताओं को 18 माह की बकाया राशि दिलाने, सहायक समिति प्रबंधकों की पदोन्नति और कनिष्ठ विक्रेताओं की परिवीक्षा समाप्त करने की मांग की है। इसके अलावा गेहूं खरीदी की लंबित कमीशन राशि के भुगतान की मांग भी उठाई गई है।


महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि 25 मार्च 2026 तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो 1 अप्रैल से प्रदेश की 4523 पैक्स समितियों और 22,500 उचित मूल्य दुकानों के करीब 55 हजार कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरना और कलमबंद हड़ताल शुरू कर देंगे। कर्मचारियों ने कहा कि यदि आंदोलन हुआ तो इससे शासकीय योजनाएं प्रभावित होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।