बक्सवाहा में छतरपुर–जबलपुर मुख्य मार्ग पर संचालित आबकारी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप खरे ‘लल्ला’ ने तहसीलदार भरत पांडे को आवेदन सौंपा। आवेदन में बताया गया कि मुख्य मार्ग पर शराब दुकान होने से क्षेत्र में सामाजिक, सुरक्षा और यातायात संबंधी समस्याएँ बढ़ रही हैं।
आवेदन में कहा गया कि इसी मार्ग से महाविद्यालय की छात्राओं का प्रतिदिन आवागमन होता है, जिससे उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। साथ ही यह छतरपुर–जबलपुर का प्रमुख मार्ग है, जहाँ दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। शराब दुकान के सामने भीड़ लगने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
आवेदन में यह भी बताया गया कि दुकान के पास माता मंदिर, मस्जिद और गैस सिलेंडर एजेंसी स्थित है तथा यह क्षेत्र व्यस्त व्यापारिक इलाका है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से शराब दुकान को मुख्य मार्ग से हटाकर अंदर सुरक्षित स्थान पर संचालित करने की मांग की गई है। तहसीलदार भरत पांडे ने बताया कि आवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा।



