सुविधा की मांग: स्लीमनाबाद स्टेशन पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, अधिकारियों ने दिया ठहराव का भरोसा

Advertisement
कटनी,प्रवीण तिवारी । कटनी जिले के स्लीमनाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने रेल रोको आंदोलन की चेतावनी देते हुए स्टेशन परिसर में एकत्र होकर अपनी नाराजगी जाहिर की। हालांकि रेलवे प्रशासन के आश्वासन के बाद मामला शांत हो गया और ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
दरअसल क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग है कि जबलपुर-अंबिकापुर सिंगरौली इंटरसिटी और जबलपुर-चित्रकूट एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव स्लीमनाबाद स्टेशन पर किया जाए। इन ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण स्थानीय यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के कई गांवों के लोग इस स्टेशन से यात्रा करते हैं, लेकिन ट्रेनों के नहीं रुकने से उन्हें दूसरे स्टेशनों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
रेल रोको आंदोलन की सूचना मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस पहले से ही सतर्क हो गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्टेशन परिसर में आरपीएफ और जीआरपी का पुलिस बल तैनात किया गया था। वहीं स्टेशन के बाहर बैरिकेडिंग कर ग्रामीणों को अंदर जाने से रोका गया।
इस दौरान ग्रामीणों और रेलवे अधिकारियों के बीच लंबी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए ट्रेनों के ठहराव की मांग को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई करने का प्रयास किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रेनों का ठहराव शुरू नहीं किया गया तो वे दोबारा बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि यह मांग क्षेत्र की जनता की सुविधा से जुड़ी है और जब तक इसे पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


