हटा,सुदीप नगरिया। नगर में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर बुधवार को गैस एजेंसी और गोदाम पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दोपहर करीब 1 बजे बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंच गए, जिसके वीडियो भी सामने आए हैं।


जानकारी के अनुसार, सिलेंडर की कमी और आपूर्ति प्रभावित होने की अफवाहों के चलते लोग एक साथ गैस लेने पहुंच रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में गैस वाहन समय पर नहीं पहुंचने से एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है।


स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी प्रबंधन द्वारा टोकन और मैसेज के आधार पर गैस सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है।


एजेंसी मैनेजर दिनेश पटैल ने बताया कि वर्तमान में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सिलेंडर लेने की अपील की है।