गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को ड्रग्स और स्मार्टफोन के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर सचेत किया। गोरखपुर में नागपंचमी के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह में उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखा जा सकता है।
सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के सामने दो तरह के नशे बड़ी चुनौती बनकर सामने आए हैं। पहला ड्रग्स और दूसरा स्मार्टफोन का नशा। उन्होंने कहा कि नशा माफिया युवा पीढ़ी को बर्बाद कर देश को कमजोर करना चाहता है, इसलिए हर जागरूक नागरिक को इसके खिलाफ लड़ाई में योगदान देना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा स्मार्टफोन पर जितना समय बिताते हैं, उसका करीब 90 फीसदी हिस्सा फिजूल होता है। यदि युवा अपने समय में से 5-6 घंटे बचाकर प्रतिदिन एक घंटा भी शरीर को दें तो वे स्वस्थ रह सकते हैं। स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मस्तिष्क बनता है और इससे युवा देश को मजबूत बनाने में बेहतर योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि माफिया प्रवृत्ति युवा शक्ति की सबसे बड़ी दुश्मन है। शिक्षा, खेल, पेशेवर गतिविधियों या ड्रग्स से जुड़े किसी भी तरह के माफिया के बढ़ने से सबसे ज्यादा नुकसान युवाओं को होता है। उन्होंने युवाओं से खेल संस्कृति को अपनाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की।




