भोपाल। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अचानक पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के शासकीय बंगले पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में गोपनीय चर्चा हुई। हालांकि मुलाकात के वास्तविक राजनीतिक एजेंडे का आधिकारिक ब्यौरा सामने नहीं आया है और पूर्व सीएम ने इसे एक औपचारिक शिष्टाचार भेंट करार दिया, लेकिन बैठक के तुरंत बाद उमा भारती के आक्रामक बयानों ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।


सागर शराबकांड पर उमा भारती के तीखे तेवर

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उमा भारती ने सागर जिले के बंडा जहरीली शराबकांड को लेकर अपनी ही सरकार के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को सीधे निशाने पर लिया।

मंत्री और विधायकों पर सवाल

  • उमा भारती ने सख्त लहजे में कहा कि अवैध शराब के इस पूरे गोरखधंधे में सरपंच से लेकर स्थानीय विधायक और मंत्री तक की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जनप्रतिनिधियों को यह भनक कैसे नहीं लगी कि उनके क्षेत्र में इतना बड़ा अवैध शराब का नेटवर्क चल रहा था?

गोविंद सिंह राजपूत के साथ आरोपी की तस्वीर पर टिप्पणी

  • शराबकांड के मुख्य आरोपी की मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के साथ तस्वीरें सामने आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आरोपी के साथ रहने, उठने-बैठने और संपर्क रखने वाले हर रसूखदार पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। अधिकारियों की मिलीभगत पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सख्त एक्शन जरूरी है।

खुद जाएंगी बंडा

  • पूर्व सीएम ने ऐलान किया कि वे जल्द ही स्वयं सागर का दौरा करेंगी और बंडा जाकर पीड़ित परिवारों व स्थानीय नागरिकों से मुलाकात करेंगी।

शराबबंदी और आबकारी नीति पर चर्चा

  • उमा भारती ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रदेश में आबकारी नीति का सख्ती से पालन कराने और पूर्ण शराबबंदी की दिशा में ठोस कदम आगे बढ़ाने को लेकर बात की है।


राहुल गांधी के एमपी दौरे पर तंज: 'अब डोकरा हो चुके हैं राहुल'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उमा भारती ने बेहद तीखा और तल्ख तंज कसा। उन्होंने कहा कि देश के बच्चे और नई पीढ़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अगाध स्नेह करती है और उन्हीं को अपना स्वाभाविक नेता मानती है। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि राहुल अब युवा नहीं रहे, वे बूढ़े हो चुके हैं, 'डोकरा' हो चुके हैं; उनके दौरों से प्रदेश की राजनीति पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।


उज्जैन विवाद: 'जैसे मस्जिद के लिए रास्ता निकला, वैसे मंदिर के लिए भी बने'

उज्जैन में खड़े हनुमान जी के मंदिर मार्ग को लेकर चल रहे विवाद पर भी उमा भारती ने अपनी बेबाक राय रखीउन्होंने कहा कि उन्हें उज्जैन आगमन के बाद इस विवाद की जानकारी मिली। प्रशासन को चाहिए कि जिस तरह संबंधित स्थल पर मस्जिद के लिए रास्ता निकाला गया है, ठीक उसी तरह खड़े हनुमान मंदिर के लिए भी सुगम मार्ग की व्यवस्था की जाए। मंदिर हटाने के प्रयासों पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि "बजरंगबली ने कमाल कर दिया, वे अपनी जगह से हिले तक नहीं।" आस्था के केंद्रों का सम्मान करते हुए प्रशासन को जनभावनाओं के अनुरूप त्वरित रास्ता निकालना चाहिए।