मैहर, नरेन्द्र पटेल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत ताला स्थित शासकीय महाविद्यालय में जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महिला जनप्रतिनिधियों और महिला अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी ने महिला नेतृत्व और सशक्तिकरण की मजबूत तस्वीर पेश की। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।


शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता परिहार, जनपद अध्यक्ष अमरपाटन माया पांडे, जिला पंचायत सदस्य तारा पटेल, जनपद सदस्य कल्पना सिंह, एडीएम संजना जैन, एडिशनल एसपी चंचल नागर, एसडीओपी ख्याति मिश्रा, एसडीएम डॉ. आरती सिंह, डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल और ताला सरपंच ज्योति सिंह सहित महिला जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहीं।


कलेक्टर ने अतिवृष्टि से प्रभावित ग्रामीणों के मकानों और आकाशीय बिजली से पशुधन को हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों और पशुपालकों को नियमानुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, शासकीय प्राथमिक शाला पहाड़ टोला और शासकीय प्राथमिक विद्यालय कुशमहट टोला के शिक्षक रामभुवन वर्मा और धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ अनुशासनहीनता के मामले में तत्काल निलंबन के निर्देश दिए गए।


शिविर में ग्रामीणों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री आवास, वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी की गई। शिविर में प्राप्त आवेदनों में से करीब 75 प्रतिशत का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के समाधान के लिए संबंधित विभागों की टीमों को गांव में भेजकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।


ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, ट्रांसफार्मर, पेयजल, सीमांकन सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे। प्रशासन ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।