कटनी,सुमित पाण्डेय। जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बरही नगर में शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भव्य आभार रैली निकाली गई। बड़ा तालाब से विजयनाथ धाम मंदिर के मेला प्रांगण स्थित कृषि महोत्सव सभास्थल तक लगभग एक किलोमीटर लंबे मुख्य बाजार मार्ग से सुसज्जित रथ में निकली इस रैली में नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। रथ में मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा तथा विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक भी मौजूद रहे।
आभार रैली हेलीपैड से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग, चौक बाजार, सुभाष चौक और कमानिया गेट होते हुए सभा स्थल तक पहुंची। इस दौरान किसानों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्धजनों ने उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री का स्वागत-अभिनंदन किया। मेडिकल व्यापारी संघ, किराना व्यापारी संघ, सराफा व्यापारी संघ, कपड़ा व्यापारी संघ, वॉलीबॉल स्पोर्ट क्लब, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार, हार्डवेयर संघ, कसोधन गुप्ता समाज, अधिवक्ता संघ, सेल यूनियन परिवार एवं समस्त पार्षदों सहित विभिन्न संगठनों द्वारा कुल 14 स्थानों पर स्टॉल लगाकर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी रथ से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता ने बरही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना को राज्य मंत्रिपरिषद से 3 फरवरी 2026 को मिली स्वीकृति की खुशी में आभार रैली निकालकर मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
करीब 566.92 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली बरही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना के पूर्ण होने पर बरही एवं विजयराघवगढ़ तहसील के 27 गांवों की लगभग 20 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे करीब 11 हजार किसानों के खेतों तक फसलों की सिंचाई के लिए पानी पहुंचेगा। इसके साथ ही क्षेत्र में लगभग 243 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन की भी सौगात दी जाएगी।

