भिंड,अक्षय जोशी। शहर के बजरिया स्थित मुख्य डाकघर को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी संजीव पाठक और डीएसपी दीपक तोमर मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। वहीं सायबर सेल प्रभारी सत्यवीर सिंह भी अपनी टीम के साथ जांच में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि धमकी भरे ईमेल में पासपोर्ट शाखा को उड़ाने का भी जिक्र किया गया है।
भोपाल से सूचना मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। डाकघर के कर्मचारियों में भय का माहौल है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने एहतियातन डाकघर के दोनों ओर के रास्तों को ब्लॉक कर दिया है और आवाजाही पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

