बीना,बृजपाल सिंह राजपूत। बीना नगर में नगरपालिका परिषद की पीआईसी बैठक के दौरान विरोध के स्वर देखने को मिले। नगर में 25 वार्डों के विकास कार्यों और अन्य मुद्दों को लेकर आयोजित इस बैठक में उपाध्यक्ष और एक पार्षद काले कपड़े पहनकर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।
नगरपालिका परिषद बीना में आयोजित पीआईसी बैठक में अध्यक्ष लता सकवार, पीआईसी सदस्य मधुलिका यादव, भारती राय, रश्मि कुशवाहा, जितेंद्र बोहरे, संतोष राय और सीएमओ राहुल कौरव मौजूद रहे।
बैठक शुरू होने से पहले ही उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया और पार्षद बीडी रजक काले कपड़े पहनकर पहुंचे और उन्होंने अध्यक्ष पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। हालांकि बैठक के दौरान लगभग 50 बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिनमें से अधिकतर पर सहमति बन गई।
नगरपालिका अध्यक्ष लता सकवार का कहना है कि उपाध्यक्ष द्वारा किसी प्रकार का विरोध नहीं किया गया और वे बैठक में सहमत रहे।फिलहाल नगर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को लेकर पार्षदों में नाराजगी बनी हुई है, जिसका असर आने वाली साधारण सभा की बैठक में देखने को मिल सकता है।

