खजुराहो(आनंद अग्रवाल)। राजनगर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पाय स्टेशन के नजदीक निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के गहरे गड्ढे में बाइक गिरी,बीती रात लगभग 8 बजे हुई इस घटना में एक बाइक सवार की मौके पर मौत होने तथा एक के गंभीर रूप से घायल होकर ग्वालियर रेफर होने की जानकारी प्राप्त हुई। घटना में मृतक हरेंद्र अनुरागी निवासी गढ़ी मलहरा जिला छतरपुर के रिश्तेदार रमेश अनुरागी ने बताया कि सफेद कलर की अपाची बाइक से हरेंद्र अनुरागी अपने साथी के साथ गढ़ी मलहरा से शादी समारोह में शामिल होने खजुराहो आ रहा था, तभी ये दुर्घटना हुई। दुर्घटना में घायल बाइक सवार के अनुसार निर्माण स्थल पर कोई मार्ग बदलने का बोर्ड और कोई मार्ग अवरोधक नहीं होने से ये हादसा हुआ,स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओवर ब्रिज निर्माण ठेकेदार द्वारा बरती जा रही लापरवाही के कारण ही ये घटना सामने आई है। इसके पूर्व भी कई लोग हादसे का शिकार हुए, ठेकेदार के मौके पर मौजूद प्रतिनिधियों से शिकायत भी हुई लेकिन कोई सुधार सामने नहीं आया,इसी लापरवाही के चलते अब ये गंभीर घटना होने से एक युवक की जान चली गई जबकि एक जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माण स्थल पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। रात के समय अंधेरा होने के कारण बाइक सवारों को सामने बना गहरा गड्ढा दिखाई नहीं दिया और वे सीधे उसमें गिर पड़े।


हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक की हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।


ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में ठेकेदार द्वारा सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ है,हालांकि हादसे के बाद घटना स्थल पर बैरिकेटिंग करवा दी गई,इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश है।


घटना के संबंध में वलवानो कंपनी के साइड इंजीनियर ललित शाह ने बताया कि वहां कोई गड्ढा नहीं है वहां रैंप बना हुआ है,हालांकि वह छुट्टी पर हैं,जबकि दूसरे साइड इंजीनियर धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि हमारा काम शाम 6 बजे बंद हो जाता है सभी लोग चले जाते हैं,इसके बाद ये घटना हुई है,दुर्घटनाग्रस्त बाइक सवार स्पीड से आ रहा होगा जिस कारण ये घटना हुई।