टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। 11वें वर्ष आयोजित अमर शहीद महिला अंतर्राज्यीय लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में आज रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मुख्य अतिथि के रूप में सुनील घुवारा, प्रवेन्द्र गुप्ता, विपुल तेवरैया, शनी जैन पहलवान, वरिष्ठ पत्रकार दीपक अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार परशुराम प्रभाकर एवं पत्रकार मोहसिन अहमद की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मैच में पूर्वांचल टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और निर्धारित ओवरों में 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से तान्या रैना ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र 42 गेंदों में 110 रन बनाए। अपनी इस विस्फोटक पारी में उन्होंने 14 चौके और 6 छक्के जड़े, जिससे दर्शकों में उत्साह का माहौल बना रहा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूर्वांचल टीम बिहार की मजबूत गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 99 रन पर सिमट गई। इस तरह बिहार टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले में बड़ी जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं, जिससे खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है। आयोजकों ने बताया कि आगे भी इसी तरह के प्रतिस्पर्धात्मक मैचों की उम्मीद की जा रही है।

