मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के सीतामऊ क्षेत्र में हनी ट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने दोस्ती के जाल में फंसाकर युवक को अपना शिकार बनाया। आरोपी महिला ने युवक को नशीला पदार्थ देकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग का सिलसिला शुरू कर दिया।
बदनामी के डर से युवक ने आरोपी को करीब 21 लाख रुपये दे दिए। आरोपी महिला खुद को पुलिस और रसूखदार लोगों से जुड़ा बताकर युवक और उसके परिवार को बर्बाद करने की धमकी देती रही। लगातार मानसिक और आर्थिक दबाव झेल रहे पीड़ित ने आखिरकार पुलिस की शरण ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हनी ट्रैप नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही इस मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

