MP में कृषि घोटाले का बड़ा खुलासा: जीतू पटवारी ने CAG रिपोर्ट के जरिए सरकार को घेरा..

Advertisement
भोपाल ,जीतेंद्र यादव। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Jitu Patwari ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भले ही कृषि कल्याण वर्ष मनाने की बात कर रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों की हालत लगातार खराब होती जा रही है।
पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश की लगभग 70 प्रतिशत आबादी खेती पर निर्भर है, लेकिन किसानों की आय बढ़ने के बजाय उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है। उनका दावा है कि प्रदेश के करीब 97 प्रतिशत किसान कर्ज में डूबे हुए हैं।
उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सोयाबीन और धान की खरीद को लेकर जो गारंटी दी गई थी, उसे पूरा नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि विभाग में करीब 60 प्रतिशत पद खाली होने की बात भी उन्होंने कही, जिससे किसानों को योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
कांग्रेस नेता ने केंद्र और राज्य सरकार के बजट का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2024–25 में केंद्र सरकार ने कृषि के लिए 44 हजार करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया था, जबकि मध्य प्रदेश सरकार को केवल 32 हजार करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए हैं।
पटवारी ने कहा कि यदि सरकार सच में कृषि को लाभ का धंधा बनाना चाहती है तो किसानों को फसल का उचित मूल्य, समय पर खरीदी और कृषि विभाग में रिक्त पदों को भरने जैसी ठोस पहल करनी होगी। उन्होंने मांग की कि किसानों की आय बढ़ाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।


