जबलपुर, अनुराग शुक्ला। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में नर्मदा नदी पर हुए भीषण क्रूज हादसे के बाद प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री Dr. Mohan Yadav ने स्पष्ट किया है कि इस दुर्घटना के दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की।
प्रशासन के अनुसार हादसे में मृत लोगों के पार्थिव शरीरों को उनके गृह नगर भेजने की प्रक्रिया जारी है। रविवार सुबह करीब 8 बजे तीन शवों को जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से IndiGo की उड़ान के जरिए दिल्ली भेजा गया, जबकि दो अन्य पार्थिव शरीरों को दोपहर 3:20 बजे कोयंबटूर एयरलिफ्ट किया गया। इस दौरान परिजन भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है और 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, कुछ लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना के गोताखोरों द्वारा लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन ने हादसे की जांच तेज कर दी है और जिम्मेदारों पर जल्द कार्रवाई की बात कही है।



