बमीठा,अशोक नामदेव। छतरपुर जिले के बमीठा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और स्वास्थ्य विभाग में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बमीठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, मरीजों की उत्कृष्ट देखभाल, स्वच्छता व्यवस्था और समय पर उपचार जैसी सुविधाओं के आधार पर यह मुकाम हासिल किया है। केंद्र में कार्यरत डॉक्टरों और स्टाफ की मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि यह उपलब्धि संभव हो पाई है। स्वास्थ्य केंद्र में नियमित टीकाकरण, मातृ-शिशु देखभाल, आपातकालीन सेवाओं और जनजागरूकता अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिल रहा है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि यह सफलता पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है और आगे भी इसी तरह बेहतर सेवाएं देने का प्रयास जारी रहेगा। बमीठा स्वास्थ्य केंद्र की इस उपलब्धि ने न सिर्फ जिले बल्कि पूरे प्रदेश में एक मिसाल पेश की है।

