​शिवपुरी। अपने तीखे और विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो रविवार को शिवपुरी जिले के करैरा नगर में आयोजित वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी जयंती समारोह का बताया जा रहा है। मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक ने कृष्णवंशियों को सीधे तौर पर चेतावनी दी, जिसके बाद सियासी हलकों में नई बहस छिड़ गई है।


शिशुपाल का हवाला देकर बोले- 100वीं गलती पर करेंगे डेंटिंग-पेंटिंग

कार्यक्रम के दौरान प्रीतम लोधी ने भगवान कृष्ण और शिशुपाल के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जो लोग गाली देते हैं, उनकी गालियां 99 तक सुनते रहना, लेकिन 100वीं गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान कृष्ण ने शिशुपाल की 100 गलतियों के बाद उसका अंत किया था, ठीक उसी तरह 100वीं गलती होते ही सामने वाले की 'डेंटिंग-पेंटिंग' कर दी जाएगी। उन्होंने उपस्थित समाज के लोगों से कहा कि इस तरह के मामलों में प्रीतम लोधी हर कदम पर उनके साथ खड़ा रहेगा।


लातों के भूत बातों से नहीं मानते, भाषा में ही देना होगा जवाब

विधायक ने आगे कहा कि कुछ लोग लातों के भूत होते हैं और वे बातों से नहीं समझते, इसलिए ऐसे लोगों को उन्हीं की भाषा में जवाब देना जरूरी हो जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि वे तो ब्रह्मांड के समान हैं और इतनी गालियां सह जाते हैं, लेकिन हम लोधी हैं और 99 की गिनती पूरी होते ही उसका ऐसा परिणाम देंगे जो सब याद रखेंगे।


पहले कुख्यात डकैत रामबाबू गडरिया को बताया था अपना भाई

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले भी प्रीतम लोधी अपने एक बयान को लेकर चौतरफा घिर गए थे। पिछोर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने चंबल के कुख्यात डकैत रामबाबू गडरिया की जमकर तारीफ करते हुए उसे अपना भाई और सुख-दुख का साथी बताया था। उस समय वीडियो वायरल होने और भारी राजनीतिक विवाद खड़ा होने के दो दिन बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। अब करैरा में दिए गए इस नए बयान से एक बार फिर विवाद गहरा गया है।