अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन सख्त, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

Advertisement
बीना,बृजपाल सिंह राजपूत। पेप्टेक टाइम की दो दिन पूर्व प्रकाशित खबर का तेज असर दिखाई दिया है। नगर पालिका क्षेत्र में लगातार बढ़ रही अवैध कॉलोनियों और उनमें हो रहे निर्माण को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल कौरव ने टीम के साथ तत्काल निरीक्षण किया। उन्होंने प्रताप वार्ड स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी और खुरई रोड ब्रिज के पास विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों का जायजा लिया।
प्रताप वार्ड वाली कॉलोनी हाई टेंशन लाइन के ठीक नीचे बनाई जा रही है, जो न केवल पूरी तरह अवैध है बल्कि आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ भी है। इसी तरह खुरई रोड ब्रिज के पास भी कॉलोनाइजर बिना किसी अनुमति या डायवर्सन के अवैध निर्माण कर रहे हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल कौरव ने दोनों स्थानों पर मौके पर पहुंचकर स्थिति का अवलोकन किया और संबंधित कॉलोनाइजरों को तीन दिवस का नोटिस जारी करते हुए अवैध निर्माण तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा विगत कुछ महीनों से अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कई कॉलोनाइजरों को पहले भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वे बेखौफ होकर कृषि भूमि पर प्लॉटिंग और निर्माण का सिलसिला जारी रखे हुए हैं। शासन से कोई अनुमति लिए बिना यह कार्य किया जा रहा है, जिससे नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण न हटाने पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि वे केवल वैध और अनुमतिप्राप्त कॉलोनियों में ही निवेश करें, ताकि भविष्य में कोई कानूनी परेशानी न आए।
