छतरपुर,शिवम सोनी । शहर के सागर रोड स्थित कृपालु इंडेन गैस एजेंसी में बुधवार को नायब तहसीलदार आस्था चौबे और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई कलेक्टर की जनसुनवाई में प्राप्त एक शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें उपभोक्ता ने समय पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होने की बात कही थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि देरी के कारण उसके घर में खाना बनाने तक की समस्या उत्पन्न हो रही है, जिससे परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार मौके पर पहुंचीं और एजेंसी के रिकॉर्ड, वितरण व्यवस्था और स्टॉक की जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डिलीवरी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली। स्थानीय लोगों के अनुसार जांच के दौरान अधिकारियों को कुछ समय तक इंतजार भी करना पड़ा, जो चर्चा का विषय बना रहा।


हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी कर ली गई है और शिकायतकर्ता को तत्काल गैस सिलेंडर की डिलीवरी करवा दी गई है। प्रशासन ने एजेंसी संचालकों को समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो