पन्ना, अमित राठौर। केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत ढोधन बांध को लेकर किसानों और आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ रहे सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर को पन्ना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। बताया जा रहा है कि अमित भटनागर लगातार आंदोलन, पदयात्रा और धरने की चेतावनी दे रहे थे तथा ढोधन बांध प्रभावितों के समर्थन में सक्रिय रूप से आंदोलन चला रहे थे।


जानकारी के अनुसार पुलिस ने उन्हें बिजावर क्षेत्र से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही आदिवासी समुदाय और आंदोलन से जुड़े लोग आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में आदिवासी एवं ग्रामीण पन्ना पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारी को आंदोलन दबाने की कार्रवाई बताते हुए तत्काल रिहाई की मांग उठाई।


धरने को समर्थन देने कांग्रेस के युवा विधायक विक्रांत भूरिया भी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों के साथ धरने में बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित किसानों और आदिवासियों की समस्याओं का समाधान किए बिना सरकार जबरन कार्रवाई कर रही है। वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।