छतरपुर ,सुबोध । मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के चलते गैस की किल्लत की आशंका के बीच कालाबाजारी के मामले भी सामने आने लगे हैं। इसी कड़ी में छतरपुर शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण पकड़ा गया है। प्रशासनिक टीम ने एक रिटायर्ड शिक्षक के घर पर छापा मारकर 25 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।


जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड क्रमांक 3, विश्वनाथ कॉलोनी में रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक श्यामलाल अहिरवार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किए जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। सूचना के बाद तहसीलदार, खाद्य विभाग के अधिकारी और कोतवाली पुलिस की टीम देर रात मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली।


तलाशी के दौरान घर के अंदर से कुल 25 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें से तीन सिलेंडर भरे हुए और बाकी गैस टंकियां खाली पाई गईं। प्रशासन ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है।


मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने रिटायर्ड शिक्षक श्यामलाल अहिरवार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का इस तरह भंडारण करना नियमों के विरुद्ध है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।