बीना,बृजपाल सिंह राजपू । बीना नगर पालिका परिषद द्वारा अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त मुहिम चलाई जा रही है। नोटिस जारी करने के बावजूद टैक्स जमा न करने और नियमों का पालन न करने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर कार्रवाई की। यह कार्रवाई शहर में पहली बार की गई, जिससे अवैध कॉलोनाइज़रों में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार, खुरई रोड ब्रिज के पास कृषि भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। नगर पालिका के सीएमओ राहुल कौरव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राजस्व विभाग व पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया कार्रवाई की सूचना मिलते ही जमीन मालिक अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गया और नगर पालिका अधिकारियों से नाराजगी जताई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासनिक अमले ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।


सीएमओ राहुल कौरव ने बताया कि नगर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।