भिण्ड(अक्षय जोशी)। जनपद के रौन थाना अंतर्गत मछंड चौकी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग बेटी के साथ लंबे समय तक यौन शोषण किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता वर्तमान में गर्भवती है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी की बहनों ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया था। वहां मौका पाकर आरोपी ने उसके साथ गलत हरकत की। आरोप है कि आरोपी की बहनें भी इस साजिश में शामिल थीं। पीड़िता ने बताया कि उसे बदनाम करने और जान से मारने की धमकियां देकर पिछले कई महीनों से उसका शोषण किया जा रहा था। घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी।
मामले की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता पीड़िता के पिता के साथ रौन थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में दलित बेटियों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बढ़ रही हैं और ऐसे मामलों में बिना किसी ढील के सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है। पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही गिरफ्तारी होने की संभावना है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

