पन्ना, प्रकाश तिवारी। जिले के शाहनगर जनपद क्षेत्र के ग्राम तिदुनी में पवई बांध ग्रामीण समूह जलप्रदाय योजना के तहत “जल महोत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण का संदेश देते हुए पानी की एक-एक बूंद बचाने का संकल्प दिलाया गया।


मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत पन्ना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और जनपद पंचायत शाहनगर के सीईओ ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पानी को बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।


कार्यक्रम के दौरान जल यात्रा, जल वंदना, जल शपथ, जल संकल्प, जल अर्पण और जल बंधन जैसी जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जल के महत्व और उसके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। श्रीमती निशा परिहार, प्रबंधक जनसहभागिता


इस मौके पर प्रबंधक जनसहभागिता श्रीमती निशा परिहार ने जल और नारी के गहरे संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और स्वच्छ एवं सुरक्षित जल हर व्यक्ति के स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य, वॉल ऑपरेटर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



इस दौरान जल निगम के प्रबंधक मयंक गोयल, उपप्रबंधक पंकज कुशवाहा, भागीरथ चढ़ार, धीरज तिवारी, मुकेश कुमार सोनी, शिखा सिंह चौहान, प्राची गुप्ता और अभिलाष दुबे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।