छतरपुर(रोहित पाठक)। आस्था और तकनीक का अनोखा संगम उस समय देखने को मिला जब बागेश्वर महाराज के आह्वान पर आयोजित सामूहिक श्री हनुमान चालीसा हवन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन में जहां करीब 30 हजार लोग एक साथ बैठकर हवन में शामिल हुए, वहीं देश विदेश से 4 से 5 लाख लोग आयोजन से जुड़े। लगभग पौने दो लाख घर सिर्फ यूट्यूब प्लेटफार्म से जुड़े। इसके अलावा फेसबुक, इंस्टा और संस्कार टीवी के माध्यम से भी लाखों लोगों ने जुड़कर श्री हनुमान चालीसा ऑनलाइन हवन में हिस्सा लिया। यह विशेष आध्यात्मिक अभियान 25 दिसंबर से शुरू हुआ था। पहले चरण में पांच हवन लगातार किए जाने हैं। अगला और पहले चरण का अंतिम हवन 20 अप्रैल को आयोजित होगा। इसका उद्देश्य समाज में बढ़ रही नकारात्मकता को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। इसी श्रृंखला के तहत विगत रोज चौथा सामूहिक आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी निभाई।


सिद्ध पीठ बागेश्वर धाम में आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा ऑनलाइन हवन कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से हनुमान चालीसा का पाठ किया और हवन में आहुतियां दीं। आयोजन स्थल पर भक्ति और आस्था का वातावरण देखने को मिला, वहीं ऑनलाइन जुड़े परिवारों ने भी अपने घरों में विधि-विधान से हवन कर कार्यक्रम में सहभागिता की।


आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से इतने बड़े स्तर पर लोगों का जुडऩा धार्मिक परंपरा और आधुनिक तकनीक के मेल का एक नया उदाहरण बन रहा है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सामूहिक प्रार्थना और हवन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार होगा और लोगों को मानसिक व आध्यात्मिक शक्ति मिलेगी।