अमेरिका भारत को वेनेजुएला से तेल खरीदने की दे सकता है अनुमति, ट्रम्प प्रशासन के संकेत

Advertisement
अमेरिका भारत को वेनेजुएला से तेल खरीदने की इजाजत दे सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रम्प प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी है। अधिकारी के अनुसार, यह अनुमति अमेरिका की निगरानी और कुछ शर्तों के साथ दी जा सकती है, हालांकि फिलहाल उन शर्तों का खुलासा नहीं किया गया है।
यदि यह फैसला लागू होता है, तो अमेरिका के प्रतिबंधों के कारण रुका हुआ भारत–वेनेजुएला तेल व्यापार दोबारा शुरू होने की संभावना है। इससे भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति के नए विकल्प मिल सकते हैं, जबकि वेनेजुएला को भी अपने तेल निर्यात को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, देश की सबसे बड़ी रिफाइनिंग कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज भी चाहती है कि अमेरिका उसे वेनेजुएला से तेल आयात करने की अनुमति दे। प्रतिबंधों से पहले भारत वेनेजुएला के कच्चे तेल का एक बड़ा खरीदार रहा है।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में दुनिया की प्रमुख तेल कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। इस बैठक के दौरान ट्रम्प ने वेनेजुएला के तेल क्षेत्र में करीब 9 लाख करोड़ रुपये के संभावित निवेश की बात कही। माना जा रहा है कि यह पहल वैश्विक ऊर्जा बाजार में अमेरिका की रणनीति का हिस्सा हो सकती है।
