अजयगढ़ (मोहम्मद मुस्तकीन)। आगामी होली पर्व और पवित्र रमजान माह के एक साथ आने से अजयगढ़ में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। दोनों त्योहारों को भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग ने संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला।
पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में अजयगढ़ एसडीओपी राजीव भदौरिया और थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर ने तहसीलदार सुरेंद्र कुमार के साथ भारी पुलिस बल के साथ नगर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पूरे नगर में सतत निगरानी और पैनी नजर रखी गई।
होलिका दहन और होली मिलन के अवसर पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, असामाजिक तत्वों या शांति भंग करने की कोशिश पर पुलिस की सख्त निगरानी है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि दोनों धर्मों के त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाए जाएं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

