ADVERTISEMENT
PM मोदी तीन दिन की साउथ अफ्रीका यात्रा पर रवाना, जोहान्सबर्ग में होगा G20 समिट; ट्रम्प नहीं होंगे शामिल

Advertisement
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह तीन दिन की साउथ अफ्रीका यात्रा पर रवाना हुए। वे आज शाम 6 बजे तक जोहान्सबर्ग पहुंचेंगे और वहां 21 से 23 नवंबर तक होने वाले G20 देशों के 20वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। दक्षिण अफ्रीका इस बार G20 समिट की मेजबानी कर रहा है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम मोदी समिट के दौरान तीन मुख्य सेशंस को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे कई देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे और इंडिया–ब्राज़ील–साउथ अफ्रीका (IBSA) देशों की बैठक में भी शामिल होंगे। यात्रा के दौरान वे दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले भारतीय प्रवासियों से भी मिलेंगे।
यह मोदी की दक्षिण अफ्रीका की चौथी यात्रा
इससे पहले वे 2016 में द्विपक्षीय दौरे पर गए थे और 2018 व 2023 में ब्रिक्स समिट में शामिल हुए थे। मोदी ने कहा कि यह समिट खास है क्योंकि यह अफ्रीका में आयोजित होने वाला पहला G20 सम्मेलन है। उन्होंने बताया कि भारत की 2023 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी यूनियन G20 का सदस्य बना था।
उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका का थीम “एकजुटता, समानता और स्थिरता” भारत और ब्राजील में हुए पिछले सम्मेलनों के परिणामों को आगे बढ़ाता है। पीएम ने कहा कि वे मंच पर भारत की “वसुधैव कुटुम्बकम - एक परिवार, एक भविष्य” की भावना को आगे रखेंगे।
ट्रम्प समिट में शामिल नहीं होंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने आरोप लगाया है कि दक्षिण अफ्रीका में मानवाधिकार उल्लंघन और श्वेत किसानों पर अत्याचार हो रहे हैं। पहले ट्रम्प सरकार ने कोई अमेरिकी प्रतिनिधि न भेजने की घोषणा की थी, लेकिन अब रुख बदलते हुए केवल अमेरिकी कार्यवाहक राजदूत मार्क डी. डिलार्ड को अंतिम सेशन में भेजा जाएगा।
भारत में साउथ अफ्रीका के हाई कमिश्नर अनिल सूकलाल ने कहा—“G20 इतना बड़ा मंच है कि एक देश के न आने से काम नहीं रुकता।”
