ADVERTISEMENT
महेश्वर में तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव आज से, भक्ति संगीत रहेगा आकर्षण का केंद्र

लाइट एंड साउंड शो में अत्याधुनिक तकनीक
Advertisement
खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में स्थित ऐतिहासिक नगर महेश्वर में मां नर्मदा के तट पर स्थित देवी अहिल्या घाट (किले) पर आज शनिवार को शाम 7 बजे तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव 2025 का भव्य आगाज होने जा रहा है। मध्य प्रदेश आदिवासी लोक कला एवं बोली विकास अकादमी संस्कृति परिषद भोपाल द्वारा आयोजित इस उत्सव में तीन दिनों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अहिल्या घाट पर लाइट एंड साउंड शो होगा। निमाड उत्सव के शुभारंभ अवसर पर नई दिल्ली से आए सुप्रसिद्ध गायक लखवीरसिंह लक्खा एवं उनके साथियों द्वारा भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी दौरान अत्याधुनिक तकनीक से तैयार लाइट एंड साउंड शो का लोकार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रम के समन्वयक एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकाश सिंह ने बताया कि निमाड़ उत्सव के दूसरे दिन 23 नवम्बर को विविध लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान बाड़मेर के भुट्टे खाँ एवं साथियों द्वारा मांगणियार गायन, पुरी के चन्द्रमणि प्रधान एवं साथियों द्वारा गोटीपुआ नृत्य एवं बड़ौदा के विजयभाई राठवा एवं साथियों द्वारा राठ नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी दिन निमाड़ी कवियों द्वारा भी प्रस्तुति दी जाएगी। निमाड़ी कवियों में मोहन परमार (खरगोन), दिलीप काले (महेश्वर), राम शर्मा परिंदा (मनावर), जितेंद्र यादव (कसरावद), धनसिंह सेन (जलकोटा) एवं बिहारी पाटीदार गांववाला (उमियाधाम करोंदिया) द्वारा अपनी रचनाएं प्रस्तुत की जाएगी। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता पद्मश्री जगदीश जोशीला द्वारा की जाएगी।
महोत्सव के अंतिम दिन 24 नवम्बर को शास्त्रीय एवं लोकनृत्य की प्रस्तुतियां आयोजित होगी। इसमें खरगोन की गौरी देशमुख एवं समूह द्वारा कथक नृत्य, खण्डवा की अनुजा जोशी एवं समूह द्वारा गणगौर नृत्य और खण्डवा के रामदास साकल्ले एवं समूह द्वारा काठी नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। इसी दिन राष्ट्रीय कवि सम्मेलन भी आयोजित होगा। इसमें राष्ट्रीय कवि सुदीप भोला, डॉ. शंभूसिंह मनहर, भुवन मोहिनी, नरेंद्र श्रीवास्तव अटल एवं राम भदावर ’ओज’ कविता पाठ करेंगे। जिसमें सूत्रधार बुद्धिप्रकाश दाधीच होंगे।
उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विविध प्रतियोगिताएँ भी आयोजित होंगी। पहले दिन रैली उकृष्ट विद्यालय महेश्वर से घाट तक निकाली जाएगी। इसी दिन कबड्डी प्रतियोगिता उत्कृष्ट विद्यालय में तथा दोपहर 3 से 5 बजे तक देवी अहिल्या घाट पर नौका सज्जा प्रतियोगिता आयोजित होगी। 23 नवम्बर को कुश्ती प्रतियोगिता प्रातः 9 बजे से उत्कृष्ट विद्यालय में तथा दोपहर 12 से 3 बजे तक देवी अहिल्या किला में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 24 नवम्बर को दोपहर 2 से 3 बजे तक देवी अहिल्या किला में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
लाइट एंड साउंड शो में अत्याधुनिक तकनीक से दिखाई जाएगी महेश्वर के वैभव की झलक
ऐतिहासिक नगर महेश्वर के अहिल्याघाट में पर्यटकों के लिए लाइट एंड साउंड शो का लोकार्पण निमाड़ उत्सव के शुभारंभ अवसर पर किया जाएगा। इस शो को 632.74 लाख रुपये की लागत से पर्यटन विभाग द्वारा मैसर्स मैजिकल थियेटर, दिल्ली के माध्यम से तैयार कराया गया है, फर्म द्वारा आगामी पांच वर्षों तक शो का संचालन और संधारण किया जाएगा। जनसम्पर्क अधिकारी जकिया रूही ने बताया कि लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से महेश्वर के ऐतिहासिक वैभव का प्रदर्शन किया जाएगा। शो में मां नर्मदा की कहानी और लोकमाता देवी अहिल्या के गौरवशाली इतिहास का भी चित्रण किया जाएगा। अहिल्या घाट पर अत्याधुनिक 3D प्रोजेक्शन मैपिंग, मूविंग हेड और लेजर लाइट का उपयोग करते हुये आधुनिक साउण्ड सिस्टम के माध्यम से कार्यक्रम का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि देश के किसी भी लाइट एंड साउंड शो में पहली बार हाइड्रोलिक टावर स्थापित किया गया है। शो में 30 हजार ल्यूमेन और 1920X1200 रेजोल्यूशन के पैनासोनिक प्रोजेक्टर, बारहमासी व हाइपावर 15 इंच जेबीएल स्पीकर और सबवूफर तथा मार्टिन RGBW जैसे अत्याधुनिक उपकरणों का प्रयोग किया जाएगा। शो की अवधि 30 मिनट की होगी और इसका प्रदर्शन हिंदी और अंग्रेजी भाषा में निःशुल्क किया जाएगा। लाइट एंड साउंड शो की पटकथा पर शोध हरीश दुबे और लेखन अमन अरोड़ा द्वारा किया गया है। शो में दूरदर्शन के प्रख्यात समाचार वाचक जितेन्द्र रामप्रकाश सूत्रधार के रूप में कथा सुनाएंगे। शो में संगीत अमित किल्लम का है, जो इंडियन ओशियन बैण्ड के ड्रमर, वोकलिस्ट एवं मल्टी इंस्ट्रुमेंटलिस्ट हैं। इनके द्वारा कई प्रख्यात हिंदी फिल्मों में भी संगीत प्रस्तुत किया गया है।
